– तेरापंथ महिला मंडल हनुमानगढ़ टाउन की पहल की अतिथियों ने सराहना, विभिन्न स्टॉलों का किया अवलोकन
हनुमानगढ़ । भटनेर दुर्ग के सामने स्थित एस.एस. जैन सभा भवन में शुक्रवार को अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में तेरापंथ महिला मंडल हनुमानगढ़ टाउन द्वारा “श्री उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. निरुपमा शर्मा,प्रो डॉ सुमन चावला, डॉ. नीलम गोड़, डॉ. ज्योति धींगड़ा एवं डॉ. नम्रता बंसल ने रिबन खुलकर किया। इस दौरान उपस्थित सभी महिलाओं ने “जय जिनेंद्र” के जयघोष के साथ अतिथियों का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण बन गया। श्री उत्सव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना तथा उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को एक मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा विभिन्न प्रकार के हस्तनिर्मित उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सजावटी सामग्री, खाद्य पदार्थ तथा रचनात्मक कलाकृतियों की आकर्षक स्टॉलें लगाई गईं। इन स्टॉलों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने तेरापंथ महिला मंडल हनुमानगढ़ टाउन की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
तेरापंथ महिला मंडल हनुमानगढ़ टाउन की अध्यक्ष संतोष बांठिया ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि महिला मंडल का उद्देश्य समाज की महिलाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि श्री उत्सव के माध्यम से महिलाओं को अपनी कला, कौशल और उद्यमिता का प्रदर्शन करने का अवसर मिला है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































