शहीदी जोड़ मेले की तैयारियां तेज, चार अखंड पाठों का भोग व चार नए पाठों का प्रकाश

26

10 सितंबर को श्रद्धा और धार्मिक मर्यादा के साथ सजेगा गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह–बाबा महताब सिंह, संगत से सेवा में सहभागी बनने की अपील
हनुमानगढ़। टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, बाबा महताब सिंह जी में आगामी 10 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक शहीदी जोड़ मेले की तैयारियां पूरे उत्साह, श्रद्धा और धार्मिक वातावरण में निरंतर जारी हैं। जोड़ मेले के उपलक्ष्य में चल रही इकोतत्री (लड़ीवार) अखंड पाठों की श्रृंखला के अंतर्गत गुरुवार को चार अखंड पाठों का विधिवत भोग डाला गया तथा चार नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि एक अखंड पाठ का भोग गुरजीत सिंह सिंगपुरा, भूपेन्द्र सिंह डबली राठान, सुरजीत सिंह श्रीनगर तथा हरमीत सिंह रामसरा के परिवारों द्वारा श्रद्धापूर्वक डाला गया। वहीं नए अखंड पाठों का प्रकाश सतनाम सिंह पुत्र जसविंद सिंह संगरिया, खुशमीत कौर टाउन, सतनाम सिंह टाउन तथा विजय मिड्ढा पुत्र फतेह चंद मिड्ढा (पत्रकार) के परिवारों की ओर से कराया गया। अखंड पाठों के भोग के उपरांत प्रकाश करवाने वाले सभी परिवारों को गुरु घर की बख्शीश स्वरूप सरोपा भेंट कर बाबा ईशर सिंह ने सम्मानित किया।
धार्मिक आयोजन के दौरान भोग से पूर्व हजूरी जत्था भाई सोहन सिंह एवं भाई परमजीत सिंह ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को गुरु की वाणी से निहाल किया। इसके बाद हैड ग्रंथी दयाल सिंह ने अरदास करते हुए शहर, प्रदेश और समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। बाबा जोगा सिंह ने जानकारी दी कि 10 सितंबर 2026 (भादो सुदी 25) को आयोजित होने वाला शहीदी जोड़ मेला पूर्ण धार्मिक मर्यादा एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन सिंह साहिब बाबा बलबीर सिंह जी अकाली 96 करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल, पंजवा तख्त, चलदा वहींर, चक्रवर्ती निहंग सिंह, पंजाब के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। उन्होंने क्षेत्र की समस्त संगत से अधिक से अधिक संख्या में जोड़ मेले में पहुंचकर तन, मन और धन से सेवा का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।