विद्यालय में कमरों के अभाव में पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे

21

ग्रामीणों ने चार नए कक्ष बनाने की मांग उठाई, जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन के निकट ग्राम पंचायत अराईयावाली के 24 केएसपी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को ग्रामीणों की एक बैठक एसएमसी उपाध्यक्ष बलतेज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में पर्याप्त कक्ष नहीं होने के कारण बच्चों को खुले में पढ़ाई करने की मजबूरी पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी, सर्दी और बरसात के मौसम में बच्चों को पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यालय में उपस्थिति भी कम रहती है। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय का निरीक्षण किया। उस समय बारिश होने के बावजूद बच्चे पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर अध्ययन कर रहे थे। इस स्थिति को देखकर ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के प्रति नाराजगी जताई और विद्यालय में शीघ्र नए कक्षों का निर्माण कराने की मांग की। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रितपाल कौर ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में केवल दो कक्षा-कक्ष उपलब्ध हैं, जबकि यहां कक्षा एक से आठवीं तक की पढ़ाई संचालित होती है। इन दो कमरों में विद्यालय कार्यालय, पोषाहार सामग्री, पुस्तकालय की पुस्तकें तथा अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ है। ऐसे में सभी कक्षाओं का संचालन खुले में करना पड़ता है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि डीएमएफटी योजना के माध्यम से चार नए कमरों की स्वीकृति के लिए जिला शिक्षा विभाग को पूर्व में प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है । एसएमसी अध्यक्ष लालचंद ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा हनुमानगढ़ के आदेशानुसार विद्यालय के पांच जर्जर कमरों को बरामदे सहित ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद से अब तक नए कमरों का निर्माण नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों का पूरा स्टाफ कार्यरत है और विद्यार्थियों की संख्या भी 100 से अधिक है, लेकिन बैठने के लिए पर्याप्त कक्ष उपलब्ध नहीं हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।