सावन के प्रथम सोमवार पर काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धा

36

-देवस्थान विभाग एवं श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास ने कराई विशेष पूजा-अर्चना, सुख-समृद्धि की कामना
हनुमानगढ़। सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर जंक्शन स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। देवस्थान विभाग एवं श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के संयुक्त तत्वावधान में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना एवं अभिषेक का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में देवस्थान विभाग के अजय धुड़िया, श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के अध्यक्ष अश्विनी नारंग, सचिव चिमन मित्तल, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सहसचिव भीष्म कौशिक, वीरेन्द्र गोयल बब्बी भटेवाला, महावीर शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पंडित धर्मेन्द्र शास्त्री के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिले की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सावन मास भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इस पवित्र माह में श्रद्धापूर्वक की गई पूजा-अर्चना से जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।