-तैयारियों को लेकर समिति की बैठक आयोजित, सदस्यों को सौंपी गई विभिन्न जिम्मेदारियां
हनुमानगढ़। बाबा रामदेव मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में 4 सितंबर को मंदिर प्रांगण में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुशील ढुढाणी ने की। बैठक में महोत्सव को सफल एवं आकर्षक बनाने के लिए विस्तृत रूप से चर्चा करते हुए सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। इसके लिए साज-सज्जा, भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा, मंच संचालन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। सभी सदस्यों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया गया।
समिति के प्रवक्ता साहिल मेहरा ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार, पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन, मनमोहक झांकियां एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जा रही हैं, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में समिति के सदस्यों ने महोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की दिव्य बेला के साक्षी बनें तथा धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ उठाएं। समिति ने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































