हनुमानगढ़। बिजलीघर मजदूर यूनियन (इंटक) शाखा हनुमानगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान इंटक के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रांतीय विद्युत मंडल मजदूर फेडरेशन (इंटक) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा के नेतृत्व में उप श्रम आयुक्त श्री हर्षदीप गिल से मुलाकात कर पूर्व में दिए गए ज्ञापन के संबंध में विद्युत विभाग में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों एवं ठेका कर्मियों के साथ हो रहे शोषण का मुद्दा उठाया।
बैठक के दौरान इंटक प्रतिनिधियों ने बताया कि जोधपुर डिस्कॉम के तकनीकी कर्मचारियों पर टेक्निकल वर्कमैन सर्विस रूल लागू होने के बावजूद हनुमानगढ़ विद्युत विभाग प्रशासन इन नियमों की लगातार अनदेखी कर रहा है। कर्मचारियों से बिना साप्ताहिक अवकाश (रेस्ट) एवं बिना निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के लगातार कई दिनों तक कार्य कराया जा रहा है। इससे कर्मचारियों पर मानसिक एवं शारीरिक दबाव बढ़ रहा है, वहीं उन्हें नियमानुसार ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं किया जा रहा।
इंटक यूनियन हनुमानगढ़ प्रभारी लालचंद मेहरड़ा ने उप श्रम आयुक्त को बताया कि विभाग में कार्यरत ठेका कर्मियों का भी गंभीर रूप से शोषण किया जा रहा है। अनेक स्थानों पर योग्य तकनीकी कर्मचारियों के स्थान पर गैर-तकनीकी कर्मियों से तकनीकी कार्य करवाए जा रहे हैं। जिन ग्रिड सब-स्टेशनों (जीएसएस) पर सुरक्षा एवं संचालन की दृष्टि से कम से कम चार कर्मचारियों की आवश्यकता है, वहां केवल एक कर्मचारी के भरोसे 24 घंटे संचालन कराया जा रहा है। ऐसी स्थिति में कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने उप श्रम आयुक्त से मांग की कि तकनीकी कर्मचारियों एवं ठेका कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा श्रम कानूनों एवं सेवा नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करवाई जाए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































