नशे के खिलाफ युवाओं ने लिया संकल्प

51

– राष्ट्रीय युवक परिषद ने जीजीएस स्कूल में दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत बुधवार को जंक्शन स्थित जीजीएस स्कूल में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाता है तथा उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक विकास भी बाधित होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और शिक्षा के माध्यम से नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व परिवार के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। यदि प्रत्येक युवा नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प ले, तो निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
राष्ट्रीय युवक परिषद के प्रचार सचिव विनोद प्रजापत एवं सुनील प्रजापत ने कहा कि नशा आज समाज के सामने सबसे बड़ी सामाजिक चुनौतियों में से एक बन चुका है। इसे समाप्त करने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे गलत संगति से बचने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल, योग और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही आदतें उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखेंगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।