मदर क्लब में अभिभावकों ने साझा किए अनुभव, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन

26

– जीवन कौशल में विचारों और भावनाओं का विशेष स्थान, सही परवरिश ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव : नीना वर्मा
हनुमानगढ़। सैक्रेड हार्ट विद्यालय में आयोजित मदर क्लब कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं मानसिक विकास को लेकर विशेष संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीना वर्मा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि माता और पिता प्रत्येक विद्यार्थी के प्रथम गुरु होते हैं। बाल्यावस्था में बच्चे अपने परिवार के विचार, रहन-सहन, पहनावा, व्यवहार और उठने-बैठने का तरीका अपने आसपास के वातावरण को देखकर ही सीखते हैं। इन सभी बातों का उनके मानसिक पटल पर गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए बच्चों की सही परवरिश ही उनके वास्तविक विकास का आधार है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शिक्षकों ही नहीं, बल्कि माता-पिता को भी बच्चों के मानसिक, भावनात्मक और नैतिक विकास के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। यदि परिवार और विद्यालय मिलकर बच्चों का मार्गदर्शन करें तो वे भटकाव से दूर रहकर सही दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में 28 जुलाई से मदर क्लब कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से माताओं को बच्चों के सामने एक शिक्षक की भूमिका निभाने तथा अपने अनुभव, ज्ञान और विभिन्न जीवन कौशल साझा करने का अवसर दिया जा रहा है। इससे बच्चों को व्यवहारिक शिक्षा के साथ जीवन के महत्वपूर्ण कौशल सीखने की प्रेरणा मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान चयनित माता अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में सकारात्मक विचारों, भावनात्मक संतुलन और पारिवारिक संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यालय द्वारा संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक मूल्यों का विकास करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।