– 10 सितंबर को होगा ऐतिहासिक शहीदी जोड़ मेला, 9 सितंबर की रात सजेगा विशेष दीवान
हनुमानगढ़। टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, बाबा महताब सिंह जी में आगामी 10 सितंबर 2026 (भादो सुदी 25) को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक शहीदी जोड़ मेले को लेकर चल रही इकोतत्री (लड़ीवार) अखंड पाठों की श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार को पांच अखंड पाठों का विधिवत भोग डाला गया तथा छह नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि शहीदी जोड़ मेला पूर्ण धार्मिक मर्यादा, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। अखंड पाठों के भोग के उपरांत अखंड पाठों का प्रकाश करवाने वाले सभी परिवारों को गुरु घर की बख्शीश स्वरूप सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर की रात्रि को विशेष दीवान सजाया जाएगा तथा अगले दिन 10 सितंबर को मुख्य शहीदी जोड़ मेले का आयोजन होगा। कार्यक्रम के दौरान हजूरी जत्था भाई सोहन सिंह एवं भाई परमजीत सिंह ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को गुरु की वाणी से निहाल किया। गुरबाणी कीर्तन के दौरान पूरा गुरुद्वारा परिसर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण से सराबोर रहा। इसके उपरांत हैड ग्रंथी दयाल सिंह ने अरदास कर शहर, प्रदेश तथा समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। बाबा जोगा सिंह ने बताया कि यह ऐतिहासिक आयोजन शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन सिंह साहिब बाबा बलबीर सिंह जी अकाली 96 करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल, पंजवा तख्त, चलदा वहींर, चक्रवर्ती निहंग सिंह, पंजाब के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। जोड़ मेले में अनेक महान धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा प्रबंधन ने संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शहीदी जोड़ मेले में सहभागिता करने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































