सशक्त नारी संस्थान की कौशल विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ

40

– महिलाओं के हुनर को मिला मंच, विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों ने आकर्षित किए दर्शक
हनुमानगढ़। 
सशक्त नारी संस्थान द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके हुनर को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय कौशल विकास प्रदर्शनी का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की तथा विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों की जानकारी भी प्राप्त की। प्रदर्शनी का समापन शनिवार शाम को होगा।
संस्थान की अध्यक्षा डॉ. मिताली अग्रवाल ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसी सोच के साथ संस्थान द्वारा महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों से लाभान्वित महिलाओं तथा घर से लघु उद्योग संचालित कर रही महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए यह मंच उपलब्ध कराया गया है।
प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए घरेलू अचार, पापड़, बड़ी, घरेलू सर्फ, साबुन, सिलाई से तैयार सूट, कढ़ाई की आकर्षक कलाकृतियां, लड्डू गोपाल की सुंदर पोशाकें, हस्तनिर्मित राखियां तथा अन्य कई घरेलू एवं हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इन उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए लोगों में उत्साह देखने को मिला। प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर को पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है।
संस्थान की सचिव प्रीति गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्याओं ने अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को प्रदर्शनी का समापन होगा, जिसमें उत्कृष्ट उत्पाद तैयार करने वाली प्रतिभागी महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।