*- माकपा ने थाने पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन, रात्रि गश्त बढ़ाने और पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार की उठाई मांग*
हनुमानगढ़। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार, चोरी और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) हनुमानगढ़ के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की ओर से थानाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आमजन को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की गई।
ज्ञापन में माकपा ने कहा कि हनुमानगढ़ शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चिट्टा, नशीली गोलियों सहित विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। नशे के बढ़ते जाल से विशेष रूप से युवा प्रभावित हो रहे हैं, जिससे उनके परिवारों में भी चिंता का माहौल है। पार्टी ने मांग की कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर शहर और ग्रामीण क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी अभियान चलाया जाए।
ज्ञापन में हनुमानगढ़ टाउन रेलवे स्टेशन के आसपास रात के समय यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। माकपा ने आरोप लगाया कि रात में आने वाली ट्रेनों से उतरकर स्टेशन से बाहर निकलने वाले अकेले यात्रियों का कुछ असामाजिक तत्व पीछा करते हैं तथा मौका मिलने पर उनके साथ मारपीट कर रुपये, मोबाइल और आभूषण सहित कीमती सामान छीनने की घटनाएं होती हैं। ऐसी घटनाओं से आमजन में भय का माहौल पैदा हो रहा है। पार्टी ने रेलवे स्टेशन एवं शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































