अटल भूजल योजना के तहत डिग्गियों के अनुदान की मांग को लेकर किसानों का महापड़ाव

56

-कलक्ट्रेट पर किसानों ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला, 25 अगस्त को ट्रैक्टर रैली की घोषणा
हनुमानगढ़। अटल भूजल योजना के तहत डिग्गियों के अनुदान की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन शुक्रवार को तेज हो गया। मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान जिला कलक्ट्रेट पहुंचे और महापड़ाव शुरू कर दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका और सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
किसानों का कहना है कि अटल भूजल योजना के तहत डिग्गियों के निर्माण के लिए मिलने वाला अनुदान किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे समय से किसान इस अनुदान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं होने से उनमें रोष बढ़ता जा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से उनकी मांग को लेकर लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
महापड़ाव के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त करने और समझाइश का प्रयास किया। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सुनते हुए उचित स्तर पर मांगों को पहुंचाने का आश्वासन दिया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक डिग्गियों के अनुदान को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।