हरीराम सुथार अध्यक्ष, 21 सदस्यीय कार्यकारिणी में पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
हनुमानगढ़। गायत्री परिवार युग निर्माण संस्था की बैठक रविवार को जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपजोन चूरू के प्रभारी बालदान चारण ने की। बैठक में संस्था की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नई कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया।
बैठक में सर्वसम्मति से हरीराम सुथार कोहला को संस्था का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं ग्रामीण उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी ज्ञानीराम शर्मा तथा शहरी उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रूलीराम धामू को सौंपी गई। मूलचंद शर्मा को सचिव और महावीर प्रसाद को सहसचिव नियुक्त किया गया। इसी प्रकार ओम सिंह बिजारणिया कोषाध्यक्ष तथा बृजलाल कस्वां को सह कोषाध्यक्ष बनाए गए।
संस्था की गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए रामनिवास मांडण को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। सुशील कुमार शर्मा को सांस्कृतिक प्रभारी तथा बिहारीलाल वर्मा को संपर्क प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं संस्था के मार्गदर्शन और संरक्षण के लिए जयनारायण कौशिक, राधेराम सुथार एवं नरेन्द्र जलंधरा को संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में बताया गया कि संस्था की नई 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, गायत्री परिवार के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में रचनात्मक एवं संस्कारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष हरीराम सुथार कोहला ने जिम्मेदारी मिलने पर सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा समाज में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के प्रसार के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संस्था की गतिविधियों को गांवों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































