बाबा के भव्य दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
हनुमानगढ़। श्री काजला धाम श्री सुंदरकांड मित्र मंडल हनुमानगढ़ टाउन की ओर से नवम् श्री सुंदरकांड महापाठ एवं भजन संध्या का आयोजन गत रात्रि जी.एम. रिसोर्ट में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। आयोजन श्री काजला धाम हिसार के गुरुजी एवं प्रेरणास्रोत श्रद्धेय ब्रह्मलीन पूज्य रमेश कुमार ji जोशी गुरु जी महाराज के आशीर्वाद तथा गुरु महाराज भाई अंजनी कुमार जोशी एवं गुरु माता श्रीमती जी मंजु जोशी, काजला धाम हिसार के सानिध्य में संपन्न हुआ। आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य कृष्ण लाल मित्रुका ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ श्री झंडेवाले बाबा की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर एवं बाबा को चोला चढ़ाकर किया गया। इसके बाद विधिवत रूप से श्री सुंदरकांड महापाठ का शुभारंभ हुआ। सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे नजर आए और पूरे परिसर में जय श्रीराम तथा बजरंगबली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में बाबा का भव्य फूल बंगला एवं अखंड ज्योति विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं परिवारों में सुख-शांति की कामना की। महापाठ के पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति रस का आनंद लिया।
समिति सदस्यों ने बताया कि श्री काजला धाम सुंदरकांड मित्र मंडल की ओर से हनुमानगढ़ की पावन धरा पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की भावना से लगातार नौवीं बार इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया है। आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिकों सहित विधायक, नगर परिषद के पूर्व सभापति, पार्षद एवं बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ में भाग लेने के साथ ही विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री काजला धाम सुंदरकांड मित्र मंडल हनुमानगढ़ टाउन के सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। समिति की ओर से बताया गया कि मंडल द्वारा समय-समय पर जनकल्याण एवं धार्मिक भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे धार्मिक उत्सव आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों में शहरवासियों एवं मंडल सदस्यों का निरंतर सहयोग मिलता रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































