वार्ड 13 में भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा पारीक के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

36

पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने की ईमानदार बोर्ड के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 13 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड से भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा पारीक के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप एवं समस्त वार्डवासियों की मौजूदगी में किया गया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट होकर चुनाव प्रचार को गति देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि नगर परिषद में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ पारदर्शी एवं ईमानदार व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने वार्डवासियों से भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा पारीक के पक्ष में मतदान कर नगर परिषद में ईमानदार बोर्ड बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होता, बल्कि जनता की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करवाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
डॉ. रामप्रताप ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने वार्डवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने तथा क्षेत्र के विकास एवं बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
भाजपा जिला प्रवक्ता आशीष पारीक ने कहा कि वार्ड के विकास के लिए मजबूत एवं सक्रिय जनप्रतिनिधि की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सुमित्रा पारीक वार्डवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर भाजपा की नीतियों एवं विकास कार्यों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।