वार्ड 04 में भाजपा प्रत्याशी राजेश मदान के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

38

भाजपा नेता अमित चौधरी बोले—हनुमानगढ़ को विकास की दौड़ में प्रथम लाने के लिए नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड जरूरी
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 04 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड से भाजपा प्रत्याशी राजेश मदान के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भाजपा नेता अमित चौधरी एवं समस्त वार्डवासियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं वार्डवासियों ने प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार को गति देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि विकास केवल भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप के प्रयासों से हनुमानगढ़ के लिए करीब 275 करोड़ रुपए की लागत से डिग्गियों के निर्माण का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। इस परियोजना का उद्देश्य टाउन और जंक्शन सहित हनुमानगढ़ के लोगों को हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना था।
अमित चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद राजस्थान में भाजपा की सरकार नहीं बनने के कारण यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बीच में ही रुक गया था। अब राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने के बाद इस परियोजना को पुनः शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस परियोजना का लाभ हनुमानगढ़ की जनता को मिलेगा और शहर में पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसे में नगर परिषद में भी यदि भाजपा का बोर्ड बनता है तो राज्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शहर के विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ को विकास की दौड़ में प्रथम स्थान पर लाने के लिए नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाना बेहद आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।