भाजपा के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, अंतिम दिन शक्ति प्रदर्शन

38

टाउन-जंक्शन में हजारों कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह, दुकान-दुकान पहुंचकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील

हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू एवं भाजपा नेता अमित चौधरी के नेतृत्व में टाउन और जंक्शन क्षेत्र में विशाल रोड शो निकाला गया। रोड शो में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाते हुए मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
रोड शो के दौरान टाउन एवं जंक्शन के प्रमुख बाजारों और मार्गों से भाजपा कार्यकर्ताओं का काफिला गुजरा। जगह-जगह लोगों ने रोड शो का स्वागत किया। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों तथा आम नागरिकों से संपर्क करते हुए नगर परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने दुकान-दुकान पहुंचकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए समर्थन मांगा।
रोड शो में भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, जीव-जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंत बिश्नोई, जिला संगठन प्रभारी दिनेश धाभाई, जिला सहप्रभारी जितेन्द्र शर्मा, पूर्व सांसद निहालचंद मेघवाल, ओम सोनी, साहिल बलाड़िया एवं देवेन्द्र अग्रवाल सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आया।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा को मजबूत करना जरूरी है। वहीं भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और आमजन के समर्थन से भाजपा चुनाव में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने मतदाताओं से विकास एवं जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के चुनाव चिन्ह के समर्थन में माहौल बनाया। बाजारों में निकले इस विशाल रोड शो से भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव के अंतिम दिन अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर के विकास, बेहतर मूलभूत सुविधाओं और मजबूत नगर परिषद के लिए भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाना आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।