50 यूपी शराब का कोटा 20 से बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने पर ठेकेदारों में आक्रोश

62

– मांगें पूरी होने तक जीरो बिलिंग का ऐलान, शराब से भरे ट्रक को गोदाम में नहीं उतरने दिया; आबकारी विभाग के फैसले पर उठाए सवाल
हनुमानगढ़। जिले में 50 यूपी शराब के कोटे को लेकर शराब ठेकेदारों का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। आबकारी विभाग की ओर से 50 यूपी शराब का कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत किए जाने के फैसले के विरोध में ठेकेदारों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। विरोध के दौरान ठेकेदारों ने देशी शराब से भरे ट्रक को गोदाम में खाली नहीं होने दिया। ठेकेदारों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक जीरो बिलिंग जारी रहेगी और देशी शराब से भरे किसी भी ट्रक को गोदाम में उतरने नहीं दिया जाएगा।
लिकर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप तिवाड़ी ने कहा कि आबकारी विभाग की ओर से कोटा बढ़ाने का फैसला शराब ठेकेदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है। उन्होंने कहा कि जिले में पहले से ही देशी शराब की खपत को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में शराब उपलब्ध है। इसके बावजूद ठेकेदारों को उनकी आवश्यकता से अधिक देशी शराब लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इससे ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने की आशंका है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।