श्रावण मास में चोतिना कुआं हनुमान मंदिर में नित्य रुद्राभिषेक और शिव पुराण पाठ का आयोजन

291

9 अगस्त को होगा समापन
हनुमानगढ़ 
टाउन की ऐतिहासिक पुरानी नगर पालिका के अंतर्गत स्थित चोतिना कुआं हनुमान मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजन पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हो रहा है। इस पावन मास में नित्य प्रतिदिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक विधि-विधान से किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के कई श्रद्धालु सहभागी बन रहे हैं। इस रुद्राभिषेक के यजमान पवन बंसल, संजय जुनेजा, प्रमोद तिवारी, रजनीश धुड़िया, महेश, रोहित गर्ग, काजल जैन, सुंदर बंसल एवं राजू तिवारी संयुक्त रूप से पूजन-अभिषेक में भाग ले रहे हैं। मंदिर के पुजारी पंडित संजय पारीक ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव को अति प्रिय है और इस दौरान किए गए रुद्राभिषेक से भक्तों को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। प्रत्येक दिन सुबह शिवलिंग पर जल, दूध, दही, घी, शहद एवं बेलपत्र से रुद्राभिषेक किया जा रहा है। वहीं संध्या काल में भव्य शिव आरती का आयोजन होता है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
इसके साथ-साथ श्रावण मास के पवित्र अवसर पर मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन सांय 4:00 बजे से 6:00 बजे तक शिव पुराण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के प्रमुख प्रेरक बालकिशन खादरिया हैं, जिनकी प्रेरणा से यह धार्मिक क्रम शुरू हुआ है। पाठ का वाचन मंदिर के पुजारी पंडित संजय पारीक द्वारा किया जा रहा है। मंदिर समिति की ओर से समस्त धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे इस दिव्य आयोजन में भाग लेकर शिव कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं शांति से परिपूर्ण करें। यह धार्मिक अनुष्ठान 9 अगस्त 2025 को विधिपूर्वक सम्पन्न किया जाएगा। श्रावण मास में शिव उपासना का विशेष महत्व होता है और ऐसी धार्मिक गतिविधियाँ समाज में भक्ति, सद्भावना और पुण्य का संचार करती हैं। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित मंदिर आकर भगवान शिव की कृपा प्राप्त करें और इस पुण्य मास का अधिकतम लाभ उठाएं।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।