जयपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मान सिंह (SMS Jaipur Hospital ) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 8 मरीजों की मौत हो गई, जबकि पांच मरीज झुलसने की वजह से गंभीर रूप से घायल हैं। आग इतनी तेज थी कि आईसीयू पूरा जलकर राख हो गया।
पुलिस ने बताया कि आग लगते ही मौके पर मौजूद कांस्टेबल वेदवीर सिंह, हरि मोहन और ललित ने जान की परवाह किए बिना ट्रॉमा सेंटर में छलांग लगाई और 10 से ज़्यादा मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव अभियान के दौरान तीनों पुलिसकर्मी धुएं के चलते बेहोश हो गए। फिलहाल उन्हें SMS अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
आग जिस आईसीयू में लगी, वहां 11 मरीज भर्ती थे, जबकि ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू और सेमी आईसीयू में मौजूद कुल 18 मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।
ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि आईसीयू में भर्ती कई मरीजों की हालत पहले से ही नाजुक थी, जिनमें से अधिकतर कोमा में थे और लगातार लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। आग लगने के तुरंत बाद उन्हें सपोर्ट सिस्टम के साथ दूसरे विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रात में ही अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम राहत कार्यों में जुटी हुई है।
देखिए वीडियो और चैनल को Subscribe करें
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































