
-राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन, सहायक अभियंता (ग्रामीण) को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन ने सोमवार को विद्युत विभाग के खिलाफ कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक अभियंता (ग्रामीण) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में विद्युत विभाग में कर्मचारियों पर कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है। जो कर्मचारी सब स्टेशन का संचालन करते हैं, वही फील्ड में जाकर 11 केवी और एलटी लाइन के फॉल्ट निकालने का कार्य भी कर रहे हैं। इसके साथ ही वही कर्मचारी मीटर रीडिंग, बिलिंग और अन्य प्रशासनिक कार्यों का दायित्व भी निभा रहे हैं। एसोसिएशन ने मांग की कि कर्मचारियों को कार्य के अनुसार सही ड्यूटी चार्ट उपलब्ध करवाया जाए, ताकि कार्य प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और किसी कर्मचारी पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि एफआरटी (फॉल्ट रिपेयरिंग टीम) का संचालन पूरे सब-डिवीजन में समान रूप से किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में एफआरटी टीम से मूल कार्य ही करवाए जाएं और उनके कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करवाई जाए। इसके अलावा, कनिष्ठ अभियंता (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों के लिए जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) और फील्ड कार्य के लिए अलग-अलग ड्यूटी तय की जाए।
एसोसिएशन ने यह भी मांग रखी कि सब डिवीजन के सभी जीएसएस का संपूर्ण मेंटेनेंस समय-समय पर करवाया जाए तथा सभी स्थानों पर रोटरी स्विच लगाए जाएं, ताकि विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए। विभाग के जर्जर भवनों की मरम्मत शीघ्र करवाई जाए और कर्मचारियों के कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके साथ ही रिकवरी के कार्य को भी प्रभावी बनाने के लिए पूरे सब-डिवीजन की एक संयुक्त टीम गठित करने की मांग की गई। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र अमल नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसियेशन अध्यक्ष धर्मवीर भाकर, उपाध्यक्ष राजाराम, महामंत्री राजपाल, कोषाध्यक्ष रमेश, संगठन मंत्री जसविन्द्र सहित बड़ी संख्या में तकनीकी कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि विभाग को कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर शीघ्र समाधान करना चाहिए, ताकि कार्य वातावरण में सकारात्मकता बनी रहे और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलती रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































