गुरु नानक जयंती पर निकला भव्य नगर कीर्तन

194
-विद्यार्थियों ने झांकियों, भजनों व कीर्तन से दिया समानता, सेवा और मानवता का संदेश
हनुमानगढ़। लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल में मंगलवार को सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भव्य समारोह व नगर कीर्तन का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भावना के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और धार्मिक प्रतीकों से सजाया गया था। “सतनाम वाहेगुरु” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वाणी पाठ और सुखमनी साहिब के कीर्तन से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके उपदेशों और मानवता के संदेश पर आधारित भजन, भाषण, कविताएँ और नाटक प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु नानक देव जी द्वारा समाज में समानता, सत्य, करुणा और सेवा के संदेश को प्रभावशाली रूप से अभिव्यक्त किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षकगण और अभिभावक श्रद्धापूर्वक शामिल हुए। विद्यार्थी हाथों में गुरु झंडे लेकर भक्ति गीत गाते हुए नगर भ्रमण पर निकले। नगर कीर्तन में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई गुरु नानक देव जी के जीवन प्रसंगों की झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं। राहगीरों ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।
विद्यालय की डायरेक्टर ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज में समानता, प्रेम, सत्य और सेवा का जो संदेश दिया, वह आज भी मानवता के लिए प्रकाशस्तंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे गुरु जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ और सच्चाई, निःस्वार्थ सेवा व सद्भाव के मार्ग पर चलें।
समारोह का समापन सामूहिक अरदास और देग-प्रसाद सेवा के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर में श्रद्धा, प्रेम और आनंद का वातावरण छा गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक रूबीन, श्वेता, गीता, परमजीत, गगनदीप, अमित वर्मा और छगन जोशी उपस्थित रहे। मंच संचालन विद्यालय के विद्यार्थियों और अनविनता मदान ने किया।
भक्ति संगीत, कीर्तन और सामूहिक सहभागिता से ओतप्रोत इस आयोजन ने न केवल गुरु नानक देव जी के उपदेशों की झलक प्रस्तुत की, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, एकता और सद्भाव की भावना भी जागृत की। पूरा विद्यालय “गुरु नानक देव जी अमर रहें” और “सतनाम वाहेगुरु” के जयघोष से गूंज उठा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।