– कंबोज महासमिति ने अखंड पाठ, वीर रस कीर्तन एवं गुरु के अटूट लंगर के साथ दी महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि
हनुमानगढ़। कंबोज महासमिति के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर शहीद सरदार उधम सिंह के शहिदी दिहाड़े के अवसर पर हनुमानगढ़ टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति से ओतप्रोत धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाज के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर शहीद उधम सिंह के बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ हुई। इसके पश्चात खुले दीवान सजाए गए, जिनमें रागी एवं ढाढ़ी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन और वीर रस से ओतप्रोत वाणी के माध्यम से शहीद उधम सिंह के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदानमयी जीवन पर प्रकाश डाला। संगत ने श्रद्धापूर्वक कीर्तन एवं विचारों का श्रवण किया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीदों का जीवन राष्ट्रप्रेम, त्याग और समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कंबोज महासमिति द्वारा समाज में धार्मिक एवं सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































