नकली बीज बेचने वाले विक्रेता पर कार्रवाई की मांग

226

– डीवाईएफआई ने जिला कृषि अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, किसान को हुआ भारी नुकसान
हनुमानगढ़। डीवाईएफआई ने शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए नकली बीज बेचने वाले विक्रेता पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। जिला सचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में संगठन ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण किसान को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
ज्ञापन में बताया गया कि 22 एनडीआई निवासी किसान मोहनलाल ने 6 सितम्बर को महेश्वरी सीड्स एण्ड पेस्टीसाइड, धान मंडी हनुमानगढ़ टाउन से बुआई के लिए हाईब्रिड बाजरा टाटा 7878 की एक थैली खरीदी थी। किसान ने उक्त बीज को अपने खेत के लगभग 3 बीघा भूमि में बोया, लेकिन बीज नकली निकलने से पूरी बुआई असफल हो गई। बीज अंकुरित ही नहीं हुआ, जिसके चलते 3 बीघा कृषि भूमि पूरी तरह से खाली रह गई।
किसान मोहनलाल ने इस संबंध में संबंधित फर्म के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कृषि अधिकारियों ने अब तक कोई कार्यवाही नहीं की। डीवाईएफआई ने इसे किसानों के हितों की सीधी अनदेखी बताया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे मामलों से किसानों का विश्वास पूरी तरह टूट जाएगा और नकली बीज विक्रेताओं के हौसले और बुलंद हो जाएंगे।
डीवाईएफआई ने जिला प्रशासन से मांग की कि फौरन प्रभाव से महेश्वरी सीड्स एण्ड पेस्टीसाइड के खिलाफ जांच कर सख्त कार्यवाही की जाए और किसान को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए। संगठन ने यह भी चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
डीवाईएफआई जिला सचिव वेद मक्कासर ने कहा कि किसान की मेहनत और आजीविका से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जा सकता। ऐसे मामलों में प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे ताकि भविष्य में किसी और किसान के साथ इस तरह की धोखाधड़ी न हो।
इस अवसर पर कई संगठन कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने किसान हितों की रक्षा को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला सचिव वेद मक्कासर, एडवोकेट लालचंद देवरथ, एडीबी राम लखन, शिव सालीवाला, भागीरथ, विकास, रामकुमार व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।