विधायक गणेशराज बंसल टीम की प्रत्याशी संतोष बंसल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन*

35
हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव को लेकर जंक्शन के वार्ड नंबर 17 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विधायक गणेशराज बंसल टीम की प्रत्याशी संतोष बंसल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल सहित टीम के समर्थक, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही वार्ड में चुनाव प्रचार को गति देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि शहर और वार्ड के समुचित विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना जरूरी है। विकास केवल घोषणाओं से नहीं होता, बल्कि इसके लिए सही प्लानिंग, प्राथमिकता तय करने और धरातल पर कार्य करवाने की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में हनुमानगढ़ शहर में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए गए हैं, जिनका लाभ आमजन को मिला है।
विधायक ने वार्डवासियों से कहा कि चुनाव के दौरान कुछ लोग भ्रांतियां फैलाकर और अनर्गल बातें करके उन्हें झांसे में लेने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में मतदाताओं को किसी के बहकावे में आने के बजाय पिछले छह वर्षों में हुए विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता स्वयं देख रही है कि शहर में किस प्रकार विकास कार्य हुए हैं और किस तरह मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।
गणेशराज बंसल ने कहा कि विकास की इस गति को आगे भी जारी रखने के लिए नगर परिषद में मजबूत टीम का होना आवश्यक है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि विकास के नाम पर टीम गणेशराज बंसल के उम्मीदवारों को अधिक से अधिक मत देकर विजयी बनाएं, ताकि शहर में योजनाबद्ध विकास को आगे बढ़ाया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।