किसानों ने सिंचाई डिग्गी अनुदान राशि के भुगतान के लिए जिला कलेक्टर से की अपील

167

– साहुकारों से कर्ज लेकर सिंचाई डिग्गी का निर्माण, अब तक नहीं मिला अनुदान
हनुमानगढ़।
धौलीपाल गांव के काश्तकारों ने अपनी सिंचाई डिग्गियों के लिए अनुदान राशि का भुगतान जल्द दिलवाने की मांग जिला कलेक्टर महोदय से की है। काश्तकारों ने एक पत्र के माध्यम से जिला कलेक्टर को सूचित किया है कि उनके क्षेत्र में 34-35 सिंचाई डिग्गियों का निर्माण किया गया है, जो 31 मार्च 2025 तक या कुछ अप्रैल माह में तैयार हो चुकी हैं। किसानों ने इन डिग्गियों का निर्माण साहुकारों से ब्याज पर कर्ज लेकर किया है, लेकिन अब तक उन्हें अनुदान राशि प्राप्त नहीं हो पाई है। काश्तकार हैप्पी बुट्टर ने बताया कि किसान आर्थिक रूप से कमजोर हैं और छोटे तबके के किसान हैं, जिनके लिए यह राशि अत्यंत महत्वपूर्ण है। साहुकारों से लिया गया कर्ज और ब्याज का बोझ उनके ऊपर बढ़ता जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और भी दयनीय हो गई है।

किसानों ने कृषि विभाग के मार्गदर्शन में सिंचाई डिग्गियों का निर्माण किया था, लेकिन अब तक अनुदान राशि का भुगतान न होने के कारण वे कर्ज और ब्याज में फंसे हुए हैं। काश्तकारों ने अपनी मांग में कहा है कि उनकी आर्थिक हालत पहले ही कमजोर है, और ऐसे में ब्याज पर कर्ज लेकर डिग्गी का निर्माण करना उनके लिए और भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने जिला कलेक्टर से निवेदन किया है कि इस मामले में हस्तक्षेप कर अनुदान राशि का भुगतान जल्दी से जल्दी किया जाए, ताकि वे अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार सकें और कृषि कार्य में बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकें। जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर ने कहा कि यह समस्या केवल धौलीपाल गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि हनुमानगढ़ तहसील के कई अन्य छोटे गांवों के किसान भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। सिंचाई के लिए डिग्गियां उनकी कृषि की जरूरत का अहम हिस्सा हैं, लेकिन अनुदान राशि के न मिलने से उनका काम ठप हो सकता है। प्रशासन को ऐसे मामलों में हस्तक्षेप पर किसानों को राहत मिलनी चाहिए। इस मौके पर जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर, हैप्पी बुट्टर, मनजिन्द्र सिंह, सद्दाम हुसैन, बलविन्द्र सिंह बराड़, प्रदीप बराड़, नंद किशोर, खुशी अमलानी, महेन्द्र, वंशी खन्ना, विनोद गुरूसर, जगदीप रंगारा, बाबू खान, मदनलाल, बलदेव सिंह, नत्थू खान व अन्य काश्तकार मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।