कहीं पकौड़े तले, कहीं कपड़े प्रेस किए, वोटरों को रिझाने निकले प्रत्याशी!

18

वार्ड 16 में गुरदीप सिंह बराड़ ‘बब्बी’ बने हलवाई, तो वार्ड 48 में विकास सैनी ने संभाली प्रेस- चुनावी प्रचार में दिखा अनोखा अंदाज
हनुमानगढ़। निकाय चुनाव का प्रचार जैसे-जैसे चरम पर पहुंच रहा है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों के वोट मांगने के अंदाज भी दिलचस्प होते जा रहे हैं। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशी तरह-तरह के जतन करते नजर आ रहे हैं। जंक्शन के वार्ड नंबर 16 और 48 में चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों का ऐसा ही अनोखा अंदाज देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया।
वार्ड नंबर 16 से निर्दलीय प्रत्याशी गुरदीप सिंह बराड़ ‘बब्बी’ ने मतदाताओं के बीच पहुंचकर कुछ अलग ही अंदाज में जनसंपर्क किया। लोगों को अपनेपन का अहसास कराने के लिए उन्होंने खुद कढ़ाई संभाली और पकौड़े तलने लगे। प्रत्याशी को इस तरह पकौड़े तलते देख आसपास मौजूद लोग भी उत्सुक नजर आए। समर्थकों ने इसे जनसंपर्क का देसी अंदाज बताते हुए मतदाताओं से बब्बी के पक्ष में मतदान की अपील की।
वहीं, वार्ड नंबर 48 से कांग्रेस प्रत्याशी निशा सैनी के पति विकास सैनी भी प्रचार के दौरान अलग रंग में दिखाई दिए। वोट मांगने पहुंचे विकास सैनी ने एक ड्राईक्लीन की दुकान पर कपड़े प्रेस करने का काम अपने हाथों में ले लिया। उन्होंने प्रेस चलाते हुए लोगों से बातचीत की और 11 सितम्बर को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।