-दुपहिया वाहनों व श्रद्धालुओं के बैग पर लगाए रिफ्लेक्टर, रात में सड़क हादसों से बचाव की कवायद
हनुमानगढ़। रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मक्कासर गौसेवा दल व पशुपति जीव रक्षा दल की ओर से नई पहल की गई। रामदेवरा यात्रा के लिए लगाए गए भंडारे में समिति सदस्यों ने यात्रियों के बैग पर रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाए। अभियान का शुभारंभ जोरावपुरा डेरा प्रमुख राधवानंद जी महाराज, यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा, व्यापारी अमरनाथ सिंगला, गौशाला समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया, गौसेवक विजय जांगिड़, साहबराम सिराव, गुरप्रीत मान, भगवती गर्ग ने किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को रात्रि यात्रा के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूक भी किया गया।
अभियान के तहत पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं तथा दुपहिया वाहनों से यात्रा कर रहे यात्रियों के थैलों और बैग पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। रिफ्लेक्टर का उद्देश्य रात के समय सड़क पर चल रहे श्रद्धालुओं को वाहन चालकों की नजर में आसानी से लाना है। वाहन की रोशनी पड़ने पर रिफ्लेक्टर चमकने से दूर से ही यात्री दिखाई दे सकेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने मक्कासर गौसेवा दल व पशुपति जीव रक्षा दल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उठाया गया यह कदम बेहद उपयोगी है। उन्होंने कहा कि रामदेवरा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल, दुपहिया वाहनों तथा अन्य साधनों से आवागमन करते हैं। रात के समय कम रोशनी के कारण कई बार वाहन चालकों को सड़क किनारे चल रहे श्रद्धालु दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में रिफ्लेक्टर सुरक्षा कवच की तरह काम कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































