टीम गणेश राज बंसल की प्रत्याशी ज्योत्सना अजय सिंगला के चुनाव कार्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन

33

वार्ड नंबर 41 में नुक्कड़ सभा का आयोजन, विधायक गणेश राज बंसल बोले—शहर के विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए ‘बांसुरी’ के निशान पर दें वोट
हनुमानगढ़। नगर परिषद आम चुनाव 2026 की चुनावी सरगर्मियों के बीच वार्ड नंबर 41 में ‘टीम गणेश राज बंसल’ ने पूरी ताकत झोंक दी है। वार्ड नंबर 41 से टीम की अधिकृत प्रत्याशी श्रीमती ज्योत्सना अजय सिंगला के मुख्य चुनाव कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सौ फुटी, नई धान मंडी रोड के पीछे एक विशाल नुक्कड़ सभा का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ो की संख्या में वार्डवासियों का भारी जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद बी. एल. साहू, डी. सी. भार्गव, हरीश महला, रेनू सोंधी, नीलम गौड़, कद्दू राम पटवारी तथा अनिल गुम्बर मंच पर उपस्थित रहे।
‘मिनी चंडीगढ़’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि वर्ष 2019 से पहले हनुमानगढ़ शहर गंभीर बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा था। नगर परिषद सभापति के कार्यकाल के दौरान शहर को ‘मिनी चंडीगढ़’ का स्वरूप देने का जो संकल्प लिया गया था, उसे धरातल पर उतारा गया। इसी विकास कार्य की बदौलत जनता ने 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें निर्दलीय विधायक चुनकर विधानसभा में भेजा। विधायक बंसल ने कहा कि शहर में विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए इस बार नगर परिषद में ‘टीम गणेश राज बंसल’ का बोर्ड बनना तय है। उन्होंने वार्ड 41 के मतदाताओं से अपील की कि वे एक पढ़ी-लिखी, सुलझी हुई और मिलनसार प्रत्याशी ज्योत्सना अजय सिंगला को भारी मतों से विजयी बनाकर बोर्ड में भेजें। उन्होंने बताया कि ज्योत्सना एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार की बेटी और जाने-माने व्यापारी घराने की पुत्रवधू हैं, जिनका परिवार हमेशा आमजन के सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहता है। वार्ड को स्वच्छ, सशक्त और सुरक्षित बनाने का वादा प्रत्याशी ज्योत्सना अजय सिंगला ने वार्डवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर परिषद बोर्ड में पहुंचकर वे वार्ड 41 को शहर का सबसे स्वच्छ, सशक्त और विकसित वार्ड बनाएंगी। उन्होंने वार्ड में सुरक्षा के लिए हर गली में सीसीटीवी कैमरे लगाने, निर्बाध स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने और जलभराव की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करने का वादा किया। सभा में मौजूद सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने हाथ खड़े कर एक स्वर में ज्योत्सना सिंगला को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उपस्थित अतिथियों ने भी आगामी 11 तारीख को चुनाव चिन्ह ‘बांसुरी’ के सामने वाला बटन दबाकर भारी बहुमत से जिताने की अपील की कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने फीता काटकर विधिवत रूप से चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया। मंच संचालन अमित माहेश्वरी और सुखदेव सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।