वार्ड 16 व 49 में गूंजा टीम गणेशराज बंसल के समर्थन का स्वर

45

गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी व सरबनजीत कौर की संयुक्त नुक्कड़ सभा में उमड़ा जनसमर्थन, बांसुरी के पक्ष में मतदान की अपील
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नम्बर 16 व 49 में टीम गणेशराज बंसल की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी एवं सरबनजीत कौर के समर्थन में संयुक्त नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए। दोनों प्रत्याशियों को वार्डवासियों का अपार जनसमर्थन मिला, जिससे चुनावी माहौल में टीम गणेशराज बंसल के कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि टीम गणेशराज बंसल ने हमेशा क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि टीम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति देना तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता की समस्याओं को लगातार उठाकर उनका समाधान करवाना भी उनका दायित्व है।
विधायक ने कहा कि वार्डवासियों के सहयोग और समर्थन से क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जा सकता है। उन्होंने दोनों वार्डों के मतदाताओं से एकजुट होकर निर्दलीय प्रत्याशी गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी एवं सरबनजीत कौर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 11 सितम्बर को बांसुरी के चुनाव चिन्ह वाला बटन दबाकर टीम गणेशराज बंसल को मजबूत करें, ताकि वार्डों के विकास को नई गति मिल सके और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा सके।
इस अवसर पर प्रत्याशियों ने वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिल रहा जनसमर्थन उनके लिए जिम्मेदारी और विश्वास दोनों है। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया। सभा के दौरान समर्थकों ने टीम के पक्ष में मतदान करने और चुनाव प्रचार को और तेज करने का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।