-ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा व तिलक से किया अभिनंदन, गांव-गांव फैल रहा हनुमान भक्ति का संदेश
हनुमानगढ़। अष्ठधातु से निर्मित पवित्र हनुमान गदा रथ यात्रा के हनुमानगढ़ पहुंचने पर गांव धौलीपाल में ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जैसे ही यह ऐतिहासिक गदा यात्रा गांव में पहुंची, पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों के बाहर खड़े होकर पुष्पवर्षा की, तिलक लगाकर यात्रा का स्वागत किया और जय श्रीराम व जय बजरंगबली के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कंचन सेवा संस्थान, उदयपुर द्वारा आयोजित विश्व की ऐतिहासिक 21 फीट लंबी अष्ठधातु निर्मित पवित्र गदा यात्रा वर्तमान में उदयपुर में निर्माणाधीन 11 मुखी एवं 84 फीट ऊंचे हनुमान जी महाराज मंदिर का अभिन्न हिस्सा है। यह गदा यात्रा पिछले 24 महीनों से देशभर के शहरों, गांवों एवं ढाणियों में भ्रमण कर रही है और श्रद्धालुओं में हनुमान भक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना का संदेश दे रही है।
सोमवार को जैसे ही हनुमान गदा रथ यात्रा हनुमानगढ़ क्षेत्र में पहुंची, गांव धौलीपाल में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर गांव की महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने पूरे श्रद्धाभाव से हनुमान गदा के दर्शन किए। इसके पश्चात रथ यात्रा गांव की गलियों से होकर निकली, जहां हर गली और हर मोड़ पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर, आरती उतारकर एवं तिलक लगाकर स्वागत-सत्कार किया।
हनुमान गदा रथ यात्रा के स्वागत में धौलीपाल माता मंदिर के पुजारी श्रीरामलाल शर्मा, दलीप कुमार सोनी, बृजेश कुमार गोदारा, महेन्द्र पुनिया, सहदेव सोलंकी, श्योपत राम वर्मा सहित अनेक गणमान्य ग्रामीणों ने विशेष भूमिका निभाई। पूरे आयोजन में अनुशासन एवं भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
हनुमान गदा रथ यात्रा के साथ चल रहे पुजारी सीताराम एवं रामकुमार, कृष्ण गोयल द्वारा पूरे भारत में हनुमान गदा के माध्यम से धर्म, संस्कृति एवं सेवा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































