– बच्चों की भागीदारी पर रहा विशेष जोर, योगाचार्य ने बताए निरोग जीवन के सूत्र
हनुमानगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में महावीर इंटरनेशनल वीरा ग्रुप द्वारा महावीर इंटरनेशनल भवन में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योग को जन-जन तक पहुंचाने और विशेष रूप से बच्चों को योग से जोड़ने के उद्देश्य से भव्य कार्यक्रम का संचालन किया गया, जिसमें नगर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी दर्ज करवाई।
योग शिविर में भारी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। योगाचार्य ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की विधियों के माध्यम से स्वस्थ, तनावमुक्त और रोगमुक्त जीवन जीने के उपाय समझाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने योग के महत्व को गंभीरता से जाना और जीवन में इसे अपनाने का संकल्प लिया।
शिविर के मुख्य अतिथि डॉक्टर इंदरसैन झाझड़ा और डॉक्टर अंजु जुनेजा ने योग के वैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन शैली में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को संतुलित करने की एक अद्भुत प्रक्रिया है, जिसे अपनाकर कई जटिल बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष गौरव जैन, राजेंद्र बेद, सुरेंद्र कोठारी और दीपक जैन की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। आयोजन को सफल बनाने में वीरा ग्रुप की अध्यक्ष कंचन गुप्ता का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कहा कि योग दिवस के अवसर पर बच्चों को जोड़ने का उद्देश्य उन्हें हमारे सांस्कृतिक मूल्यों और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य की परंपरा से जोड़ना है। जब बचपन से ही योग को अपनाया जाएगा, तब देश का भविष्य भी स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगा।
महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष गौरव जैन ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास करने से शरीर रोग मुक्ति के साथ-साथ तनाव मुक्त भी रहता है। उन्होंने बच्चों सहित उपस्थित समस्त जनसमूह से नियमित रूप से योग को अपनाने की अपील की। इस मौके पर बच्चों को दूध बादाम फल वितरित किए गए एवं महिलाओं एवं पुरुषों को कपड़े से बने थैलो का वितरण किया गया। शिविर में विशेष रूप से डॉक्टर दीपिका जैन, कोमल मूर्जनी, पायल छाबड़ा, अंजना जैन, अविशी छाबड़ा ,मीना गर्ग ,मंजुला गर्ग ,कमलेश गर्ग ,निधि शेखावत ,अंजू जैन सहित क्लब सदस्य मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































