-भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों को पछाड़कर टीम गणेशराज बंसल के प्रत्याशी ने हासिल की शानदार जीत
हनुमानगढ़। नगरीय क्षेत्र के चुनाव की मतगणना सोमवार को पूरी होने के साथ ही वार्ड नंबर 10 का परिणाम भी घोषित हो गया। वार्ड नंबर 10 से टीम गणेशराज बंसल के प्रत्याशी नवीन बाकोलिया ने भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए 123 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। जीत के साथ ही नवीन बाकोलिया नगरीय क्षेत्र के सबसे कम उम्र के पार्षद बनने में सफल रहे। उनके निर्वाचित होने की सूचना मिलते ही समर्थकों और युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
वार्ड नंबर 10 में कुल मतों की स्थिति में भाजपा प्रत्याशी परितोष सारस्वत को 839 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रवि को 132 मत मिले। वहीं टीम गणेशराज बंसल के प्रत्याशी नवीन बाकोलिया ने 962 मत हासिल कर सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया। इस प्रकार नवीन बाकोलिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी परितोष सारस्वत को 123 मतों से पराजित किया।
नवीन बाकोलिया की जीत को वार्ड के युवाओं के लिए खास उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। कम उम्र में चुनाव मैदान में उतरकर उन्होंने मतदाताओं का विश्वास हासिल किया और मजबूत जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने नवीन बाकोलिया का स्वागत करते हुए जीत की बधाई दी। कार्यकर्ताओं और युवाओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे नई पीढ़ी की राजनीति में बढ़ती भागीदारी का संकेत बताया।
नवीन बाकोलिया ने जीत के बाद वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी जीत वार्ड के प्रत्येक मतदाता की जीत है।
नवीन बाकोलिया के निर्वाचित होने से समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा और युवाओं ने इसे अपनी जीत बताते हुए खुशी मनाई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































