टाउन स्वर्णकार समाज व मराठा मंडल ने धूमधाम से मनाया 36वां गणेश महोत्सव

20

दस दिवसीय आयोजन में सुबह-शाम होगी गणपति बप्पा की आरती, अंतिम दिन निकलेगी भव्य विसर्जन यात्रा
हनुमानगढ़। टाउन स्वर्णकार समाज एवं मराठा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 36वें गणेश महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। गणेश महोत्सव के तहत विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्य यजमान जैकी सोनी पुत्र ओमप्रकाश सोनी सहदेव ने सपरिवार पूजा-अर्चना कर गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापना करवाई। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए और सुख-समृद्धि की कामना की।
अध्यक्ष मुरलीधर सोनी ने बताया कि गणेश महोत्सव का आयोजन लगातार दस दिनों तक किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित रूप से गणपति बप्पा की आरती होगी। आरती में समाज के लोगों के साथ श्रद्धालु भी शामिल होकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करेंगे। महोत्सव के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहेगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि गणेश महोत्सव के अंतिम दिन भगवान गणेश की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। विसर्जन यात्रा में समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ गणपति बप्पा को विदाई देंगे। इसके बाद विधि-विधान से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं में सहयोग किया। गणेश महोत्सव को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।