अभियंता जगनलाल बैरवा के साथ हुई घटना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

25

-हनुमानगढ़ में धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। 
राजस्थान कौंसिल ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स के बैनर तले प्रांतीय महासचिव ई. उपदेश अग्रवाल के नेतृत्व में अभियंताओं ने गंगानगर विधायक से जुड़े कथित घटनाक्रम के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। सिंचाई विभाग कार्यालय से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन रोष मार्च के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा के साथ हुई घटना अत्यंत गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इससे न केवल संबंधित अभियंताओं को ठेस पहुंची है, बल्कि पूरे अभियंता वर्ग की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हुआ है। अभियंताओं ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके मोबाइल फोन छीने गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि पूरे घटनाक्रम को जानबूझकर रिकॉर्ड होने से रोका गया।
अभियंताओं ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच राजस्थान अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष की निगरानी में करवाई जाए। साथ ही विधायक आवास एवं आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच कर सच्चाई को सामने लाने की भी मांग की गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इतनी गंभीर घटना का सीसीटीवी फुटेज में दर्ज न होना संदेह पैदा करता है।
इसके अलावा अभियंताओं ने गिरफ्तारी से पूर्व मेडिकल परीक्षण नहीं कराए जाने के मामले को भी गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यवाही न्याय प्रक्रिया के मूल सिद्धांतों के विपरीत है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित नहीं की गई तो प्रदेशभर के अभियंता लोकतांत्रिक तरीके से हड़ताल और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। साथ ही प्रदेश में संचालित जनहितकारी ग्रामीण रथ अभियान में अभियंताओं की भागीदारी को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की भी घोषणा की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।