राशि सीड्स की पहल- गांव-गांव पहुंचेगी निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण वैन’

26

’-कृषि विभाग के बैनर तले हरी झंडी दिखाकर रवाना, आमजन को स्वास्थ्य के प्रति करेगी जागरूक’
हनुमानगढ़। राशि सीड्स द्वारा कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत कृषि विभाग हनुमानगढ़ के बैनर तले बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा प्रारंभिक स्तर पर बीमारियों की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य परीक्षण वैन को अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, भाजपा नेता अमित चौधरी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक प्रमोद यादव, वरिष्ठ व्यापारी सुरेन्द्र बलाड़िया, राशि सीड्स के एरिया मैनेजर नंदकिशोर पूनिया तथा रीजनल क्रॉप प्रबंधक भंवरलाल चौधरी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कृषि विभाग एवं राशि सीड्स के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक प्रमोद यादव ने बताया कि यह स्वास्थ्य परीक्षण वैन हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में भ्रमण करेगी। प्रतिदिन दो गांवों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। वैन में आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे ग्रामीणों को उनके गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। कई गंभीर बीमारियां प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर आसानी से नियंत्रित और उपचारित की जा सकती हैं। इसी सोच के साथ यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श मिल सके।
राशि सीड्स के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी सामाजिक सरोकारों के तहत विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां संचालित करती रही है। स्वास्थ्य परीक्षण वैन भी उसी कड़ी का हिस्सा है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पोषण, स्वच्छता और विभिन्न रोगों की रोकथाम के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता अभियान लोगों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उनके घर के निकट ही उपलब्ध हो सकेगा और समय पर उपचार मिलने से गंभीर बीमारियों के खतरे को भी कम किया जा सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।