मदन बाघला बोले—विकास की गति को मजबूत करने के लिए 11 सितम्बर को बांसुरी का बटन दबाएं
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नम्बर 09 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। टीम गणेशराज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी मदन बाघला के समर्थन में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में वार्डवासियों एवं समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए नगर परिषद में मजबूत बोर्ड के गठन का आह्वान किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी मदन बाघला ने कहा कि पिछले कार्यकाल के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्यों को गति देने के साथ आमजन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया गया है। विकास कार्यों के कारण शहर की तस्वीर और व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
मदन बाघला ने कहा कि विधायक गणेशराज बंसल के नेतृत्व में शहर की दशा और दिशा में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि शहर में जिस गति से विकास कार्य हुए हैं, उस गति को आगे भी बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए नगर परिषद में मजबूत एवं सक्रिय बोर्ड का गठन जरूरी है।
उन्होंने वार्डवासियों से आह्वान किया कि आगामी 11 सितम्बर को बांसुरी के चुनाव चिन्ह वाला बटन दबाकर उनके पक्ष में मतदान करें और नगर परिषद में बनने वाले बोर्ड को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को नगर परिषद में प्रभावी ढंग से उठाने और विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाने के लिए जनप्रतिनिधि का मजबूत होना आवश्यक है।
सभा के दौरान कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने वार्ड में जनसंपर्क अभियान को तेज करने और घर-घर जाकर मतदाताओं से बांसुरी के चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील करने का संकल्प लिया। सभा में मौजूद लोगों ने मदन बाघला के समर्थन में मतदान करने का भरोसा जताया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































