नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनते ही शहर को जलभराव की समस्या से मिलेगी मुक्ति

23

हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 9 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड से भाजपा प्रत्याशी मनप्रीत सैनी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं वार्डवासियों की मौजूदगी में किया गया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। इस अवसर पर आगामी नगर परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट होकर मतदान करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हनुमानगढ़ शहर में जलभराव की समस्या लंबे समय से आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बरसात के दौरान अनेक क्षेत्रों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को प्राथमिकता के साथ लिया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि शहर के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है। जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने, नालियों की सफाई एवं निर्माण, सड़कों के सुधार, पेयजल, स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास को लेकर स्पष्ट विजन के साथ चुनाव मैदान में है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।