-30 एसएसडब्ल्यू के निवासियों की पहल, गौमाता के भोजन में होगा उपयोग
हनुमानगढ़। गौसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 30 एसएसडब्ल्यू के ग्रामीणों ने हनुमानगढ़ टाउन स्थित गौशाला में एक ट्रॉली कनक (गेहूं) भेंट कर सराहनीय पहल की। ग्रामीणों के इस सहयोग से गौशाला में रह रही गौमाता के लिए नियमित रूप से पौष्टिक आहार की व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी।
गौशाला अध्यक्ष मनोहर लाल बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीणों द्वारा दी गई कनक का उपयोग गौमाता के लिए दलिया बनाने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पौष्टिक दलिया गौवंश के स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होता है और इस प्रकार का सहयोग गौशाला के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने ग्रामीणों की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही गौशालाएं सुचारू रूप से संचालित हो पाती हैं।
गौशाला उपाध्यक्ष संजय सर्राफ और विजय रौता ने भी 30 एसएसडब्ल्यू के ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह का सहयोग मिलता रहेगा।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने भी गौसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौमाता की सेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और इसमें हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में रह रहे गौवंश की देखभाल समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान गुरप्रीत सिंह, राजेंद्र सिंह, भंवरलाल स्वामी, विनोद स्वामी, ताराचंद स्वामी, हैप्पी सिंह, गणेराम, राकेश भोभिया, वकील सिंह, बृजलाल सैन सहित 30 एसएसडब्ल्यू के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गौसेवा के इस कार्य को और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































