‘सफेद सोने’ की दस्तक: नरमे की पहली ढेरी ₹8511 प्रति क्विंटल बिकी

37

दुकान नंबर 69बी पर किसान गुरचरण सिंह लेकर पहुंचे पहली फसल, व्यापारियों व आढ़तियों की मौजूदगी में गणपति इंडस्ट्रीज ने की खरीद
हनुमानगढ़ टाउन। क्षेत्र की कृषि उपज मंडी में आज उस समय रौनक लौट आई जब नई धान मंडी में चालू सीजन के ‘सफेद सोने’ यानी नरमे की पहली आवक दर्ज की गई। नई फसल के मंडी में पहुंचते ही आढ़तियों, व्यापारियों और किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला।मंडी में नरमे की यह पहली ढेरी दुकान नंबर 69बी (लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी) पर पहुंची। नजदीकी गांव कोहला निवासी किसान गुरचरण सिंह पुत्र गुरदेव सिंह इस वर्ष की अपनी पहली नरमा फसल लेकर टाउन की नई धान मंडी पहुंचे थे। मंडी परिसर में नई फसल के स्वागत के साथ ही नियमानुसार बोली प्रक्रिया शुरू कराई गई। शानदार भाव से किसानों के चेहरे खिले बोली के दौरान पहली ढेरी की खरीद गणपति इंडस्ट्रीज द्वारा की गई। इस पहली फसल का भाव ₹8511 प्रति क्विंटल तय हुआ। सीजन की शुरुआत में ही मिले इस बेहतर भाव से जहां फसल लेकर आए किसान गुरचरण सिंह के चेहरे पर खुशी दिखी, वहीं मंडी के अन्य किसानों और आढ़तियों ने भी इसे आगामी सीजन के लिए बेहद सकारात्मक संकेत माना। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने पर नरमे की आवक में तेजी आएगी।व्यापारी व एसोसिएशन पदाधिकारी रहे मौजूद इस खास मौके पर नई फसल के शुभारंभ का स्वागत करने के लिए स्थानीय व्यापार जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मौके पर फूडग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह ढिल्लों, कोषाध्यक्ष प्रवीण तलवाडिया, सुभाष जुनेजा, विकास जुनेजा, प्यारेलाल काठपाल, सौरभ जिंदल, जगपाल सिंह, सुभाष सिंगला, राज सोडा और सुरेश जुनेजा सहित अनेक व्यापारी व आढ़ती मौजूद रहे। सभी ने किसान का मुंह मीठा करवाकर नए विपणन सीजन की शुभकामनाएं दीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।