पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (Chief Minister Bengal ) की बड़ी जीत के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि आखिर राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। लंबे समय से बीजेपी के लिए बंगाल एक ‘फाइनल फ्रंटियर’ माना जाता रहा है, क्योंकि यही जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि है। ऐसे में इस ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी यहां मजबूत नेतृत्व स्थापित करना चाहती है।
चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बार-बार कहा था कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो राज्य को एक “बंगाली चेहरा” मुख्यमंत्री के रूप में दिया जाएगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने यह भी बयान दिया था कि अगला मुख्यमंत्री “नॉन-वेज खाने वाला” होगा, जिसे ममता बनर्जी के उस आरोप का जवाब माना गया जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी सत्ता में आई तो मछली-मांस पर रोक लगा सकती है।
ये भी पढ़ें: बंगाल में ‘खेला’ खत्म? मोदी की झालमुड़ी से ज्यादा बंसल-यादव की रणनीति ने खिलाया कमल!
मोदी फैक्टर बना सबसे बड़ा हथियार
बंगाल चुनाव में बीजेपी ने किसी एक मुख्यमंत्री चेहरे को आगे नहीं किया। पार्टी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही सबसे बड़ा चेहरा रहे। उन्होंने 20 से ज्यादा रैलियां कीं और बंगाल की संस्कृति से जुड़ने की हर संभव कोशिश की। कभी झालमुड़ी खाते दिखे, तो कभी काली मंदिर में दर्शन करते नजर आए। उन्होंने बंगाली भाषा में संदेश भी दिया और स्थानीय जुड़ाव बनाने की रणनीति अपनाई। ऐसा लगता है कि जनता ने “ब्रांड मोदी” पर भरोसा जताया।
ये भी पढ़ें: Election Result 2026: रुझानों में 2 राज्यों में बड़ा उलटफेर, 10 बजे तक बदलती दिखी सियासी तस्वीर
क्या महिला मुख्यमंत्री पर दांव लगाएगी BJP?
चुनाव के दौरान बीजेपी ने महिलाओं की सुरक्षा को बड़ा मुद्दा बनाया था। ऐसे में पार्टी महिला मुख्यमंत्री का विकल्प भी देख सकती है। फिलहाल बीजेपी के पास दिल्ली में रेखा गुप्ता के रूप में एक महिला मुख्यमंत्री है, और अब बंगाल में भी इसी रणनीति को आगे बढ़ाया जा सकता है। महिला नेताओं में अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली के नाम चर्चा में हैं। रूपा गांगुली टीवी के मशहूर धारावाहिक ‘महाभारत’ में द्रौपदी का किरदार निभा चुकी हैं और राजनीति में भी सक्रिय हैं।
ये भी पढ़ें: तिरुपति में तृषा ने मांगी दुआ, इधर चुनाव में छाए विजय! अचानक क्यों ट्रेंड कर रही हैं एक्ट्रेस? देखें VIDEO
ये हैं मुख्यमंत्री पद की रेस में बड़े दावेदार
1. शुभेंदु अधिकारी
बीजेपी के सबसे मजबूत चेहरों में से एक माने जाते हैं। पहले टीएमसी में थे और ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी रहे।
2021 चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी। उनकी पकड़ जमीनी स्तर पर मजबूत है और संगठन में भी उनका प्रभाव काफी है। हालांकि, नारदा स्टिंग केस में नाम आने के कारण उनकी छवि पर सवाल भी उठे हैं।
2. सामिक भट्टाचार्य
हाल ही में बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष बनाए गए हैं। आरएसएस से जुड़े रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है। उन्हें पार्टी के अंदर एक संतुलित और रणनीतिक नेता के तौर पर देखा जाता है।

3. अन्य नाम भी चर्चा में
निशीथ प्रमाणिक और दिलीप घोष जैसे नेता भी इस दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं। ये सभी नेता अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूत पकड़ रखते हैं और पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा चुके हैं।
अब फैसला किसके हाथ?
फिलहाल मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा। बीजेपी की परंपरा रही है कि वह आखिरी समय तक नाम को गुप्त रखती है और अचानक घोषणा करती है। बंगाल में बीजेपी की इस जीत के बाद अब नजरें सिर्फ एक सवाल पर टिकी हैं। क्या पार्टी अनुभवी चेहरे पर भरोसा करेगी या नए चेहरे के साथ नया प्रयोग करेगी? आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि “ममता के बाद बंगाल की कमान किसके हाथ में होगी।”
चैनल को सब्सक्राइब करें..
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































