शहीदी जोड़ मेले की तैयारियां जोरों पर, तीन अखंड पाठों का भोग और चार नए पाठों का प्रकाश

26

– गुरबाणी कीर्तन, अरदास व अटूट लंगर में उमड़ी संगत, 10 सितंबर को होगा मुख्य आयोजन
हनुमानगढ़। टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, बाबा महताब सिंह जी में आगामी 10 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले शहीदी जोड़ मेले की तैयारियां श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी हैं। इसी क्रम में रखे गए इकोतत्री (लड़ीवार) अखंड पाठों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को तीन अखंड पाठों का विधिवत भोग डाला गया, वहीं चार नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि एक अखंड पाठ का भोग हरविंदर सिंह किकरवाली परिवार, दूसरे अखंड पाठ का भोग बीबी रानीका देवी तथा तीसरे अखंड पाठ का भोग पुष्प रानी परिवार, हनुमानगढ़ टाउन द्वारा श्रद्धापूर्वक डाला गया। इसी प्रकार चार नए अखंड पाठों का प्रकाश गुरजीत सिंह सिंगपुरा, भूपेन्द्र सिंह डबली राठान, सुरजीत सिंह श्रीनगर तथा हरमीत सिंह रामसरा के परिवारों द्वारा कराया गया। अखंड पाठों के भोग के उपरांत प्रकाश करवाने वाले परिवारों को गुरुघर की बख्शीश स्वरूप सरोपा भेंट कर बाबा ईशर सिंह ने सम्मानित किया। भोग से पूर्व हजूरी जत्था भाई सोहन सिंह एवं भाई परमजीत सिंह ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को गुरु की वाणी से निहाल किया। इसके पश्चात हैड ग्रंथी दयाल सिंह ने अरदास करते हुए शहर, प्रदेश एवं समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। बाबा जोगा सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में शहीदी जोड़ मेला 10 सितंबर 2026 (भादो सुदी 25) को पूर्ण श्रद्धा, विश्वास और धार्मिक मर्यादा के साथ मनाया जाएगा। आयोजन शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन सिंह साहिब बाबा बलबीर सिंह जी अकाली 96 करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल, पंजवा तख्त, चलदा वहींर, चक्रवर्ती निहंग सिंह, पंजाब के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। उन्होंने क्षेत्र की समस्त संगत से अधिक से अधिक संख्या में जोड़ मेले में पहुंचकर तन, मन और धन से सेवा का लाभ उठाने की अपील की। धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।