डॉ. के. लक्ष्मण से मिले भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता जसप्रीत सिंह सिद्धू

30

– हनुमानगढ़ के किसानों के लंबित अटल भूजल योजना अनुदान का मुद्दा उठाया, शीघ्र भुगतान की मांग
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रवक्ता जसप्रीत सिंह (जे.पी. सिद्धू) ने नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण से शिष्टाचार मुलाकात कर हनुमानगढ़ जिले के किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने अटल भूजल योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लंबित अनुदानों के भुगतान का विषय प्रमुखता से उठाते हुए किसानों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की।
जसप्रीत सिंह सिद्धू ने डॉ. के. लक्ष्मण को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि हनुमानगढ़ जिले में अटल भूजल योजना के अंतर्गत किसानों द्वारा डिग्गी, फार्म पॉण्ड, पाइपलाइन, कृषि यंत्र एवं मिनी स्प्रिंकलर जैसी विभिन्न गतिविधियों के लिए आवेदन किए गए थे। पात्र किसानों को स्वीकृति मिलने के बावजूद लंबे समय से अनुदान राशि का भुगतान लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्ष 2024-25 में डिग्गी, फार्म पॉण्ड, कृषि यंत्र एवं पाइपलाइन से संबंधित कुल 849 प्रकरणों के लिए लगभग 2515.73 लाख रुपये के बजट की आवश्यकता है। वहीं वर्ष 2025-26 में डिग्गी, फार्म पॉण्ड, कृषि यंत्र, पाइपलाइन एवं मिनी स्प्रिंकलर से जुड़े 1,10,507 मामलों के लिए लगभग 1336.33 लाख रुपये के बजट की मांग की गई है। सिद्धू ने कहा कि बजट आवंटन में देरी के कारण किसानों को योजना का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने डॉ. के. लक्ष्मण से आग्रह किया कि केंद्र एवं संबंधित विभाग के स्तर पर आवश्यक पहल कर लंबित बजट स्वीकृत कराया जाए, ताकि किसानों को शीघ्र अनुदान राशि का भुगतान हो सके और उन्हें आर्थिक राहत मिले। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ कृषि प्रधान जिला है तथा किसानों को समय पर सहायता मिलना अत्यंत आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।