– सांवलिया सेठ की आरती कर लगाया विशेष भोग, गोमाता का तिलक कर लिया आशीर्वाद
हनुमानगढ़। टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला के श्री सांवलिया सेठ मंदिर प्रांगण में समाजसेवी एवं वीएम शिक्षण समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्यान का जन्मदिन अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर श्री सांवलिया सेठ की आरती की गई तथा भगवान को विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात गोमाता का विधिवत तिलक कर उनके चरणों में पुष्प अर्पित किए गए और सभी ने गोमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान भक्ति संगीत एवं मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। धार्मिक आयोजन का संचालन पंडित रामप्रकाश शर्मा ने किया। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई तथा मंत्रोच्चारण के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किए। फाटक गौशाला संस्थान के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गौशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ एवं अन्य मांगलिक अवसरों पर पहुंचकर गोमाता की सेवा करते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि गौशाला में गौसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। यहां एक्सीडेंटल, बीमार एवं असहाय गोवंश की विशेष देखभाल की जाती है तथा उनके उपचार एवं सेवा की संपूर्ण व्यवस्था जनसहयोग से की जाती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































