बिजली संकट पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, विद्युत विभाग के खिलाफ की नारेबाजी

28

-कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर बोले— भाजपा सरकार में मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही जनता
हनुमानगढ़। वार्ड संख्या 3 खुंजा में लंबे समय से बनी हुई बिजली की समस्या को लेकर बुधवार को वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र के लोगों ने एकत्रित होकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और नियमित व सुचारू बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार कम वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति के कारण आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर भी मौके पर पहुंचे और वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने राज्य सरकार और विद्युत विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आमजन को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी वातानुकूलित कमरों में बैठे हैं, जबकि आम लोगों के घरों में कम वोल्टेज के कारण फ्रिज, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं। कई घरों में उपकरणों से चिंगारियां निकलने जैसी स्थिति बन रही है, लेकिन प्रशासन और विभाग के जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं।
वार्डवासी विजय टाक ने बताया कि वार्ड संख्या 3 में दिन-रात बिजली और पेयजल की गंभीर समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में यदि लोगों को बिजली और पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं होंगी तो सरकार होने या नहीं होने से आमजन को कोई फर्क महसूस नहीं होगा। उन्होंने विभाग से तत्काल समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।