शहीदी जोड़ मेले की तैयारियों में बढ़ा श्रद्धा का उल्लास, सात अखंड पाठों के डाले भोग

55

– नए अखंड पाठों का प्रकाश, 9 सितंबर की रात सजेगा विशेष दीवान; 10 सितंबर को होगा मुख्य मेला
हनुमानगढ़। टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, बाबा महताब सिंह जी में 10 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक शहीदी जोड़ मेले को लेकर इकोतत्री (लड़ीवार) अखंड पाठों की श्रृंखला श्रद्धा एवं उत्साह के साथ जारी है। इसी क्रम में रविवार को सात अखंड पाठों का विधिवत भोग डाला गया तथा नए अखंड पाठों का प्रकाश करवाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि शहीदी जोड़ मेला पूर्ण धार्मिक मर्यादा, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। अखंड पाठों के भोग के उपरांत नए अखंड पाठों का प्रकाश करवाने वाले परिवारों को गुरु घर की बख्शीश स्वरूप सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि 9 सितंबर की रात्रि को विशेष दीवान सजाया जाएगा, जबकि 10 सितंबर को मुख्य शहीदी जोड़ मेले का आयोजन होगा। रविवार के कार्यक्रम में हजूरी जत्थे की ओर से गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को गुरु की वाणी से निहाल किया गया। कीर्तन के दौरान गुरुद्वारा परिसर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण से सराबोर रहा। इसके बाद हैड ग्रंथी दयाल सिंह ने अरदास कर समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
बाबा जोगा सिंह ने बताया कि ऐतिहासिक आयोजन शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन सिंह साहिब बाबा बलबीर सिंह जी अकाली 96 करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल, पंजवा तख्त, चलदा वहींर, चक्रवर्ती निहंग सिंह, पंजाब के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। मेले में अनेक धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।