अस्मिता खेलो इंडिया वुमन जिला स्तरीय वुशू प्रतियोगिता का आयोजन

48

*-राजीव गांधी स्टेडियम में 250 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
हनुमानगढ़। राजीव गांधी स्टेडियम में शनिवार को अस्मिता खेलो इंडिया वुमन जिला स्तरीय वुशू प्रतियोगिता का आयोजन जिला वुशू संघ हनुमानगढ़ के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के करीब 250 महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह रहे, अर्जुन अवार्डी संदीप मान एवं सुशील बिश्नोई विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इकबाल सिंह पप्पी कोच ने की। अतिथियों का जिला वुशू संघ के कोषाध्यक्ष हेमंत गोयल एवं सचिव शंकर नरूका ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु एवं वर्गों की महिला खिलाड़ियों ने वुशू की अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए अपने कौशल, अनुशासन, शारीरिक क्षमता एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबलों में भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाना तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।