वार्डवासियों के आशीर्वाद से अभियान को मिली धार, बोले—’36 कौमों को साथ लेकर कराना है समग्र विकास’
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड 24 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी गजेंद्र सिंह के पक्ष में वार्डवासियों का अपार जनसमर्थन देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों के मिल रहे स्नेह और समर्थन से उनका चुनावी अभियान मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रत्याशी गजेंद्र सिंह व पिता डॉ. भंवर सिंह समर्थकों के साथ वार्ड के प्रत्येक क्षेत्र में सघन डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। घर-घर दस्तक देकर वे बुजुर्गों का आशीर्वाद ले रहे हैं और युवाओं तथा मातृशक्ति से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान मोहल्लों और कॉलोनियों में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है। वार्ड में आयोजित नुक्कड़ जनसभा को संबोधित करते हुए गजेंद्र सिंह ने उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे सभी 36 कौमों को साथ लेकर चलेंगे और बिना किसी भेदभाव के पूरे वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाएंगे।
गजेन्द्र सिंह ने कहा, “जनता का यह स्नेह केवल चुनावी समर्थन नहीं, बल्कि मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना ही मेरा मुख्य ध्येय है। जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उसे मैं वार्ड के चहुंमुखी विकास के संकल्प में बदलकर दिखाऊंगा।” डोर-टू-डोर संपर्क और नुक्कड़ सभाओं में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए वार्ड 24 का मुकाबला बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गया है, जहां भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनता नजर आ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































