नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत गुरू हरिकिशन स्कूल में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

24

-नशे से दूर रहने के साथ परिवार व समाज को जागरूक करने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत आज गुरू हरिकिशन स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत के कारण युवा अपनी शिक्षा, करियर और उज्ज्वल भविष्य से भटक सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे का सेवन नहीं करें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।