-जिला कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कानूनसम्मत कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांग्रेस ने कांग्रेस समर्थित नवनिर्वाचित पार्षदों, चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों तथा उनके परिजनों पर कथित पुलिस एवं प्रशासनिक दबाव बनाए जाने की शिकायतों को लेकर पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि चुनाव के बाद जिले के विभिन्न स्थानों से ऐसी शिकायतें और सूचनाएं संगठन को प्राप्त हो रही हैं, जिनमें कुछ लोगों को कथित रूप से परेशान करने, दबाव में लेने अथवा भय का वातावरण बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में सरकारी मशीनरी एवं पुलिस तंत्र का कथित रूप से राजनीतिक उद्देश्य के लिए इस्तेमाल कर कांग्रेस समर्थित व्यक्तियों को प्रभावित अथवा दबाव में लेने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि इन शिकायतों की वास्तविकता का निर्धारण निष्पक्ष, तथ्यात्मक और पारदर्शी जांच के माध्यम से किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध वास्तविक आपराधिक प्रकरण, शिकायत अथवा वैधानिक कार्रवाई लंबित है तो पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। हालांकि कार्रवाई किसी व्यक्ति के राजनीतिक समर्थन, विचार अथवा चुनावी गतिविधि के आधार पर नहीं, बल्कि उपलब्ध तथ्यों, साक्ष्यों और कानून के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप होनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































